भाजपा अयोध्या की नई जिला कार्यसमिति गठित , पदाधिकारियों का भव्य स्वागत
2027 चुनाव की तैयारी तेज, संगठन में युवाओं व अनुभवी नेताओं के समन्वय पर जोर

अयोध्या ! भारतीय जनता पार्टी अयोध्या की नई जिला कार्यसमिति के गठन के बाद मंगलवार को जिला कार्यालय में नवनियुक्त पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में सभी पदाधिकारियों को पटका पहनाकर व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेताओं व जनप्रतिनिधियों ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते हैं और उनकी सक्रियता से ही पार्टी को मजबूती मिलती है। उन्होंने अयोध्या जैसे महत्वपूर्ण जनपद में संगठन को और सशक्त बनाने पर जोर देते हुए बताया कि जल्द ही विभिन्न मोर्चों व प्रकोष्ठों का गठन किया जाएगा, जिसमें योग्य कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी।बीकापुर विधायक अमित सिंह चौहान ने कहा कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन ने अनुभवी नेताओं और युवाओं को साथ लेकर चलने की रणनीति बनाई है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर बेहतर प्रदर्शन का आह्वान किया।

पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने भी कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहकर पार्टी की नीतियों को पहुंचाने की अपील की।इस दौरान जिला प्रभारी मिथिलेश त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष कमलाशंकर पांडेय, अवधेश पांडेय ‘बादल’, विधायक चंद्रभानु पासवान समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।

