अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर घायल, दोनों मेडिकल कॉलेज रेफर

अयोध्या ! कुमारगंज थाना क्षेत्र के अकमा स्थित ब्लूमिंग बड स्कूल के सामने गुरुवार शाम अज्ञात वाहन से दो बाइक सवार टकरा गये जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर, अयोध्या रेफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के धमथुवा गांव निवासी विनोद कुमार पुत्र अलगू प्रसाद अपने मित्र राजित राम पुत्र राधिका के साथ गुरूवार शाम करीब 5:30 बजे घर से कुमारगंज की ओर बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वे अकमा स्थित ब्लूमिंग बड स्कूल के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन से उनकी बाइक टकरा गयी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। रास्ते से गुजर रहे उमरहर निवासी जुगुन सिंह ने मानवता का परिचय देते हुए गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार को अपनी बाइक से तुरंत संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय कुमारगंज पहुंचाया। वहीं दूसरे घायल राजित राम को भी स्थानीय लोगों की मदद से 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज पिठला भिजवाया गया।अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। डा0 अमोल पाठक ने बताया कि विनोद कुमार के चेहरे और सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि राजित राम के सिर में भी गंभीर चोट लगी है। दोनों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर, अयोध्या रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद बाइक के परखच्चे उड़ गए।

