आईएसआईएस मॉड्यूल से जुड़े मुरादाबाद के बीडीएस छात्र को ATS ने किया गिरफ्तार , पाकिस्तान से भी कनेक्शन
यूपी एटीएस ने मुरादाबाद से बीडीएस छात्र हारिस अली को पकड़ा,हारिस पर ISIS के ऑनलाइन मॉड्यूल से जुड़ने का आरोप,फर्जी अकाउंट्स से लोगों को आत्मघाती हमलों के लिए उकसाता था।

मुरादाबाद। यूपी एटीएस ने मुरादाबाद से एक बीडीएस के छात्र को गिरफ्तार किया है। छात्र पर आतंकी संगठन आइएसआइएस के ऑनलाइन मॉड्यूल से जुड़ा होने का आरोप है।आरोपित सहारनपुर का हारिस अली है और बीडीएस द्वितीय वर्ष का छात्र है। आरोपित पर आरोप है कि यह इंटरनेट मीडिया पर फर्जी अकाउंट्स के जरिए लोगों को आत्मघाती हमला करने के लिए उकसाता था।आतंकी संगठन आइएसआइएस के ऑनलाइन मॉड्यूल से जुड़ा हारिस अली आधी रात तक अपने कमरे में लैपटॉप लेकर बैठा रहता था। वह अक्सर अपने साथियों से कम ही बात करता था।बताया जाता है कि क्लास से आने के तुरंत बाद वह अपना लैपटॉप खोलता। फोन पर बात करते समय भी अधिकांश बार वॉट्सएप कॉल ही करता था।

दो साल से बीडीएस की कर रहा था पढ़ाई
सहारनपुर के हारिस अली ने दो साल पहले शहर कोठीवाल डेंटल कालेज में बीडीएस करने के लिए मुरादाबाद आया था। यहां पर दाखिला लेने के बाद कॉलेज में ही बने हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था।उसके चाल-चलन को देखकर ऐसा किसी को नहीं लगता था कि वह आतंकी संगठन से जुड़ा हुआ है। बताया जाता है कि पढ़ाई भी वह ठीकठाक था। क्लास में भी चुप रहता और किसी से ज्यादा बात नहीं करता था। उसके कॉलेज में दोस्तों की संख्या भी कम है।सिर्फ क्लास से निकलकर अपने कमरे में पहुंचता और लैपटॉप खोलकर बैठ जाता था। उसके साथियों के अनुसार देर रात तक लैपटॉप पर बैठा रहता था। साथियों को लगता था कि वह पढ़ाई कर रहा है, लेकिन किसी को यह अंदेशा नहीं था कि वह आतंकी संगठन से जुड़ा भी हो सकता है।सोमवार को जब यूपी एटीएस ने उसे गिरफ्तार किया तो हर कोई दंग रह गया।


