एलपीजी गैस संकट को लेकर सपा का प्रदर्शन, पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ‘पवन’ के नेतृत्व में डीएम को सौंपा ज्ञापन

अयोध्या (संवाददाता) : घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति में देरी और बढ़ती किल्लत को लेकर गुरुवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री तेज नारायण पाण्डेय (पवन) के नेतृत्व में सपा महानगर व अयोध्या विधानसभा इकाई के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
सपा प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट ने बताया कि पूरे देश में एलपीजी गैस सिलेंडरों की किल्लत के कारण अयोध्या महानगर व विधानसभा क्षेत्र की जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को समय पर बुकिंग कराने के बावजूद गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं मिल पा रही है, जिससे रसोई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ‘पवन’ ने कहा कि इस समय रमजान का पवित्र महीना चल रहा है और साथ ही शादियों व भंडारों का भी सीजन है। ऐसे में घरेलू गैस की मांग बढ़ जाती है। कई परिवारों में पहले से तय विवाह समारोह और तेरहवीं के शांति भोज जैसे कार्यक्रम भी आयोजित हो रहे हैं, लेकिन गैस की कमी से लोगों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के नेता मीडिया में गैस की कमी न होने का दावा कर रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि आम जनता को समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा है। उन्होंने मांग की कि जिन उपभोक्ताओं ने समय पर बुकिंग कराई है, उन्हें पहले की तरह समय से होम डिलीवरी दी जाए। साथ ही जिन घरों में विवाह समारोह प्रस्तावित हैं, वहां विशेष व्यवस्था के तहत गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।सपा नेताओं ने प्रशासन से यह भी मांग की कि एलपीजी आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाए, ताकि लोग अपनी समस्या संबंधित विभाग तक आसानी से पहुंचा सकें।इस मौके पर हामिद जाफर मीसम, श्रीचंद यादव, रक्षा राम यादव, अपर्णा जायसवाल, राकेश पांडे, प्रवीण राठौर, रियाज अहमद, शावेज जाफरी एडवोकेट, लाल बहादुर शुक्ल, मंसूर इलाही एडवोकेट, शादाब खान, जगदीश यादव, जगन्नाथ यादव, वीरेंद्र गौतम, अमृत राजपाल, दान बहादुर सिंह, जेपी यादव समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

