देवेश सिंह अमर रहें” के नारों से गूंजा आसमान , शहीद को श्रद्धांजलि देने के लिए उमड़ा जनसैलाब

तिरंगे में लौटे रुदौली के जवान का सैन्य सम्मान के साथ नम आंखों से विदाई,अफसरों-जनप्रतिनिधियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि।पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जा रहा अंतिम संस्कार

मवई (अयोध्या)! मवई ब्लॉक क्षेत्र के हंसराजपुर गांव निवासी वीर जवान देवेश सिंह मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहीद हो गए। भारतीय सेना में तैनात देवेश सिंह ने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।

शहादत की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गांव का माहौल गमगीन हो गया और हर आंख नम नजर आई।शहीद का पार्थिव शरीर जब तिरंगे में लिपटकर पैतृक गांव पहुंचा तो “भारत माता की जय” और “देवेश सिंह अमर रहें” के नारों से आसमान गूंज उठा। सेना के जवानों ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं उपस्थित जनसमूह की आंखें भी छलक पड़ीं।श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश शर्मा, जिलाधिकारी, एसएसपी, सीओ व एसडीएम सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।अयोध्या पूर्व सांसद लल्लू सिंह, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, सपा के वरिष्ठ नेता रुश्दी मियां, ब्लॉक प्रमुख राजीव तिवारी व अन्य जनप्रतिनिधियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

लोगों ने कहा कि देवेश सिंह की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी।उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा। पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।गांव ही नहीं पूरे जनपद को अपने वीर सपूत पर गर्व है, जिसने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।


