धर्म ध्वजारोहण के ऐतिहासिक क्षण पर पीएम मोदी के स्वागत को तैयार रुदौली
रुदौली विधायक रामचंद्र यादव की अगुवाई में दो हजार रामभक्त पहुंचेंगे अयोध्या,विधायक ने मवई व रुदौली ब्लॉक में बैठक कर तैयार की रणनीति

रुदौली-अयोध्या। राममंदिर के शिखर पर होने वाला धर्म ध्वजारोहण अब बेहद नजदीक है। इस ऐतिहासिक और भावनात्मक क्षण का साक्षी बनने के लिए देशभर में उत्साह चरम पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अयोध्या एक दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। उनके स्वागत को भव्य बनाने के लिए रुदौली क्षेत्र में तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। रुदौली विधायक रामचंद्र यादव दो दिनों से लगातार मवई और रुदौली ब्लॉक का दौरा कर रहे हैं।

दोनों ब्लॉक मुख्यालयों पर हुई बैठकों में उन्होंने संगठन पदाधिकारियों, ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ विस्तृत रणनीति बनाई। मवई ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख राजीव तिवारी के साथ बैठक में प्रत्येक जिम्मेदार व्यक्ति को स्पष्ट दायित्व सौंपा गया, ताकि श्रद्धालुओं को अयोध्या पहुंचाने में कोई भी अव्यवस्था न हो।विधायक ने बताया कि करीब दो हजार श्रद्धालुओं का जत्था रुदौली से अयोध्या ले जाने की तैयारी लगभग पूरी है।उन्होंने कहा कि पांच वर्षों की प्रतीक्षा के बाद ऐसा दिव्य अवसर आया है। प्रधानमंत्री का स्वागत और धर्म ध्वजारोहण के क्षण का साक्षी बनना अपने आप में सौभाग्य है। रुदौली क्षेत्र में उत्साह देखते ही बन रहा है।उन्होंने उम्मीद जताई कि रुदौली का जनसमूह अयोध्या पहुँचकर इस महाअवसर को और भी भव्य बनाएगा।

क्षेत्र में श्रद्धालुओं में गहरा उत्साह है और इसे लोग अपने जीवन की एक ऐतिहासिक आध्यात्मिक उपलब्धि मान रहे हैं।मवई ब्लॉक की बैठक में जिला मंत्री धर्मेंद्र सिंह मंडल अध्यक्ष निर्मल शर्मा धर्मेंद्र वर्मा राकेश तिवारी ग्राम प्रधान राम बरन संजय यादव पवन वर्मा राजकुमार अफलाक खां राशिद अंसारी विकास यादव श्याम जी कौशल के अलावा बीडीओ मवई भावना यादव व मवई एसओ सुरेश पटेल शामिल रहे।
रुदौली में मठ मंदिरों पर जगमगाएंगे दीप
अयोध्या में धर्म ध्वजारोहण के ऐतिहासिक अवसर पर रुदौली क्षेत्र में भी आध्यात्मिक उत्साह चरम पर है। रुदौली के प्रमुख मठ मंदिरों में विशेष व्यवस्था की जा रही है। जहां शाम होते ही दीप प्रज्ज्वलित कर दिव्यता का संदेश दिया जाएगा। कामाख्या धाम में इसकी तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं।विधायक रामचंद्र यादव ने रुदौली विधानसभा वासियों से अपील की है कि इस पावन क्षण को स्मरणीय बनाने के लिए हर घर पर दीप अवश्य जलाएं।उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र में एक साथ दीप प्रज्ज्वलन से धार्मिक माहौल और अधिक भव्य हो उठेगा और यह दिन सदियों तक याद रखा जाएगा।

