अयोध्या : कम लागत में केसर की फसल किसानों के लिए लाभदायक

बीकापुर(अयोध्या) ! नगदी और व्यवसायिक खेती के रूप में केसर की खेती कम लागत में किसानों के लिए आर्थिक रुप से काफी फायदेमंद है। बीकापुर नगर पंचायत के कई किसानों द्वारा नई तकनीक से अमेरिकन केसर की फसल उगाने की शुरुआत की गई है। केसर की खेती करके कम क्षेत्रफल में भी काफी कम लागत लगाकर अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। बीकापुर नगर पंचायत छेत्र के कई किसानों द्वारा अपने खेतों में लगाई भी केसर की फसल अब तैयार हो चुकी है। केसर के फूलों को किसान चुन रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है की केसर की ऑनलाइन बिक्री करके कुछ हद तक आर्थिक समस्या दूर होगी। लेकिन लाक डाउन के चलते फसल बेचने में अभी किसानों को समस्या आ रही है। बीकापुर नगर पंचायत के निवासी प्रगतिशील किसान मजीद और राम उजागिर बर्मा ने बताया कि पहली बार उन्होंने अमेरिकन केसर की फसल तैयार की है। पहली बार करीब 10 बिस्सा में केसर की फसल उगाई है। सितंबर में उन्होंने केसर का बीज ऑनलाइन 4000 रुपए में खरीदा था। उसके बाद नर्सरी डालकर 10 बिस्वा खेत में लगभग 5000 पौधे लगाए थे। अब 6 महीना बाद केसर की फसल तैयार हुई है। इसमें एक बार ही फूल आता है। उसके बाद फसल सुख जाती है। केसर की फसल की बुआई करने वाले किसानों ने बताया कि अमेरिकन केसर की फसल तैयार करने में कोई भी रासायनिक उर्वरक और कीटनाशक का इस्तेमाल नहीं हुआ है। जैविक तरीके से गोबर की खाद डालकर अमेरिकन केसर तैयार किया गया है। जिससे लागत भी काफी कम आई है। एक बीघा फसल में करीब 5 किलो केसर का फूल तैयार हो जाता है। उसके बाद फसल छाया में सूखाई जाती है। और फसल की मड़ाई कर बीजों की बिक्री भी होती है। जो आयुर्वेदिक दवाओं को बनाने में इस्तेमाल की जाती है। भगवती नगर चौबे का पुरवा निवासी सुरेश चौबे उर्फ रंजन चौबे ने भी अपने खेत में अमेरिकन केसर की फसल तैयार की है। किसानों ने बताया कि केसर की फसल तैयार होने के बाद केसर के फूलों की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 60 से 70 हजार रुपए प्रति किलो है। बताया कि केसर की फसल 6 महीने में तैयार होती है। इसकी बिक्री जयपुर जोधपुर कानपुर आदि जगहों पर ऑनलाइन होती है। किसानों ने बताया कि यदि लाभ मिला तो अधिक क्षेत्रफल में केसर की खेती करेंगे और दूसरे किसानों को भी केसर की खेती करने के लिए प्रेरित करेंगे।
